Our Sponser

मॉनसून सेशन में लैंड बिल को लटका सकती है मोदी सरकार

नई दिल्ली

आम सहमति न बन पाने की वजह से मंगलवार को शुरू होने जा रहे संसद के मॉनसून सत्र के दौरान लैंड बिल को पेश किए जाने की संभावना नहीं है और इससे संबंधित अध्यादेश को अप्रत्याशित रूप से चौथी बार जारी किया जा सकता है। सरकारी सूत्रों ने बताया, 'आम सहमति न बन पाने के कारण मॉनसून सत्र के दौरान विधेयक को संसद में पेश किए जाने की संभावना नहीं है।'

इस विधेयक पर विचार कर रही BJP सांसद एस. एस. अहलूवालिया की अध्यक्षता वाली संयुक्त संसदीय समिति की योजना अपनी रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के लिए तीन अगस्त तक दो सप्ताह का समय विस्तार और मांगने की है। संकेत हैं कि समिति मॉनसून सत्र के दौरान अपनी रिपोर्ट नहीं दे पाएगी और समय में विस्तार की मांग कर सकती है।

सौजन्य: INDIA TIMES NEWS

आयकर विभाग ने शुरू किया एक करोड़ नए करदाता बनाने का अभियान

नई दिल्ली

आयकर विभाग ने एक करोड़ नए करदाताओं को कर के दायरे में लाने के लिए एक महत्वाकांक्षी अभियान शुरू किया है । सरकार ने हाल में विभाग से इस लक्ष्य को चालू वित्त वर्ष में ही हासिल करने को कहा है। आयकर विभाग के निर्णय लेने वाले शीर्ष निकाय केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने सरकार की कर आधार को व्यापक करने की पहल के तहत विभाग के सभी फील्ड फार्मेशन को इस लक्ष्य को हासिल करने को सक्रिय किया है। पुणे क्षेत्र को सबसे अधिक दस लाख नए लोगों को कर दायरे में लाने का लक्ष्य दिया गया है।

सीबीडीटी द्वारा जारी आदेश में क्षेत्रवार लक्ष्य तय किया गया है। महाराष्ट्र का दूसरा सबसे बडे शहरी केंद्र पुणे को 10.14 लाख नए आयकरदाताओं को कर दायरे में लाने का लक्ष्य दिया गया है।

उत्तर-पश्चिम के राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा को 9.30 लाख नए लोगों को आयकर के दायरे में लाने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं आंध्र प्रदेश व तेलंगाना को 7.93 लाख नए आयकरदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।

इसी तरह गुजरात को 7.86 लाख, तमिलनाडु को 7.64 लाख, पश्चिम बंगाल और सिक्किम को 6.91 लाख तथा मुंबई क्षेत्र को 6.23 लाख नए आयकरदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के फील्ड फार्मेशन को 5.32 लाख नए आयकरदाताओं का लक्ष्य होगा।

सौजन्य: INDIA TIMES NEWS

अमेरिका: निर्माणाधीन मंदिर के साइनबोर्ड पर गोलियां चलाई गईं

ह्यूस्टन

अमेरिका के उत्तर कैरोलीना प्रांत में बनने वाले एक मंदिर के साइनबोर्ड पर गोलियां चलाई गईं जिससे उसमें 60 से अधिक छेद हो गए। इस घटना से भारतीय समुदाय स्तब्ध है और प्रशासन ने की जांच का आदेश दिया है। फोर्सिथ काउंटी के शेरिफ ऑफिस ने एक रिपोर्ट में कहा कि चार जुलाई के दोपहर से लेकर पिछले शनिवार को दोपहर एक बजे के बीच यह घटना घटी।

रिपोर्ट के अनुसार शेरिफ कार्यालय प्रस्तावित मंदिर के साइनबोर्ड पर शॉटगन से गोलियां चलाए जाने की घटना की जांच कर रहा है। साइनबोर्ड में 60 से अधिक छेद हो गए थे। विंसटन सलेम जर्नल के अनुसार शेरिफ ऑफिस में उपप्रमुख ब्राड स्टैनली ने कहा कि एक अधिकारी को साइनबोर्ड के पास कारतूस के खोल मिले जो बंदूक से दागी गई गोलियों से मेल खाते हैं।

स्टैनली के अनुसार साइनबोर्ड को 200 डॉलर का नुकसान हुआ। जांचकर्ताओं को कोई सुराग नहीं मिला है और न ही कोई संदिग्ध उनकी नजर में आया है. उत्तर कैरोलीना का ओम हिंदू संगठन क्लेम्मेंस में 3600 वर्ग फीट मंदिर बनाने की योजना बना रहा है और उसने वहां 7.6 एकड जमीन खरीदी है। ओम हिंदू ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, 'हम बतौर अमेरिकी लोग घृणा से लड़ रहे हैं और सहिष्णुता, सम्मान एवं समावेश के संवर्धन के लिए खडे हैं।'

सौजन्य: INDIA TIMES NEWS

सलमान की फिल्म देखकर रो पड़े आमिर!


बॉलिवुड मे मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने जब बॉलिवुड के दबंग सलमान खान की हालिया रिलीज फिल्म 'बजरंगी भाईजान' देखी तो अपने आंसू नहीं रोक पाए।

फिल्म देखकर निकले आमिर कुछ इस तरह कैमरे में कैद हो गए।सलमान ने खासतौर आमिर और उनके परिवार को इस फिल्म के लिए आमंत्रित किया था।

फिल्म देखने के बाद आमिर ने फिल्म और कलाकारों की तारीफ में एक के बाद एक कई ट्वीट भी किए।

 सौजन्य: INDIA TIMES NEWS

केजरीवाल के खिलाफ कॉन्स्टेबल ने कराई शिकायत दर्ज

नई दिल्ली

दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है ।कॉन्स्टेबल का आरोप है कि हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान केजरीवाल ने पुलिसकर्मियों के बारे में कथित तौर पर एक अभद्र शब्द का इस्तेमाल किया।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) मनदीप सिंह रंधावा ने कहा कि गोविंदपुरी पुलिस थाने में तैनात एक कॉन्स्टेबल ने मुख्यमंत्री के खिलाफ शिकायत दाखिल की है। रंधावा ने कहा, 'यह एक असंज्ञेय अपराध है।' एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि गोविंदपुरी पुलिस थाने में तैनात कॉन्स्टेबल हरविंदर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री ने इंटरव्यू के दौरान पुलिसकर्मियों के लिए कथित तौर पर 'ठुल्ला' शब्द का इस्तेमाल किया, जिससे उसे ठेस पहुंची।

अधिकारी ने कहा कि हरविंदर ने टीवी पर इंटरव्यू देखा था । उन्होंने कहा कि पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पास शिकायत भेज दी गई है । लाजपत नगर पुलिस थाने में भी एक अन्य कॉन्स्टेबल ने ऐसी ही एक शिकायत दर्ज कराई है । यह जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दी।

सौजन्य: INDIA TIMES NEWS

ऐशेजः ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ दर्ज की 67 साल में सबसे बड़ी जीत

लंदन

मिशेल जॉनसन की अगुवाई में बोलर्स के कातिलाना प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां लॉर्ड्स पर इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में चौथे दिन टी से कुछ देर बाद 405 रन की बड़ी जीत दर्ज करके पांच मैचों की ऐशेज सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।

इंग्लैंड की टीम 509 रन के रेकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन केवल 37 ओवर में 103 रन पर ढेर हो गई। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से नौंवी और ऐशेज में चौथी बड़ी जीत दर्ज की। यह ऐशेज में ऑस्ट्रेलिया की पिछले 67 साल में सबसे बड़ी जीत है। उसने इससे पहले इंग्लैंड को 1948 में लॉर्ड्स में ही 409 रन से हराया था।

ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर (83) और स्टीवन स्मिथ (58) की तेजतर्रार पारियों की मदद से अपनी दूसरी पारी लंच से कुछ देर पहले दो विकेट पर 254 रन बनाकर समाप्त घोषित की। उसने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 566 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी और फिर इंग्लैंड को 312 रन पर आउट करके 254 रन की बढ़त हासिल की थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के तेज और स्पिन मिश्रित आक्रमण के सामने इंग्लैंड दूसरी पारी में ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। उसकी तरफ से सर्वाधिक स्कोर नौवें नंबर के बल्लेबाज स्टुअर्ट ब्रॉड (25) ने बनाया जिससे उनकी टीम तिहरे अंक में पहुंच पाई। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिशेल जॉनसन ने 27 रन देकर तीन जबकि जोश हेजलवुड और नाथन ल्योन ने दो-दो तथा मिशेल स्टार्क और मिशेल मार्श ने एक-एक विकेट लिया।

कार्डिफ के पहले टेस्ट में 169 रन से हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने लॉर्ड्स में प्रत्येक सीजन में दबदबा बनाए रखा। लंच के बाद इंग्लैंड के दोनों ओपनिंग बैट्समैन आधे घंटे के अंदर पविलियन लौट गए। एडम लिथ (सात) ने स्टार्क की गेंद पर विकेटकीपर पीटर नेविल को कैच थमाया। इसके बाद कप्तान ऐलेस्टेअर कुक (11) ने जॉनसन की बाहर जाती गेंद पर विकेट के पीछे कैच दिया जिससे स्कोर दो विकेट पर 23 रन हो गया।

गैरी बैलेन्स (14) आउट होने वाले तीसरे बल्लेबाज थे। मार्श की गेंद उनके बल्ले को चूमती हुई विकेट के पीछे गई और अपना पहला टेस्ट खेल रहे नेविल ने उसे खूबसूरती से कैच कर दिया। इयान बेल (11) की खराब फॉर्म जारी रही। स्पिनर ल्योन की गेंद पर उन्होंने आसान कैच थमाया। इसके कुछ देर बाद बेन स्टोक्स खाता खोले बिना रन आउट हो गए। इंग्लैंड ने लंच के बाद पांच विकेट पर 64 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। उसने इसी स्कोर पर जोस बटलर (11) और मोईन अली (शून्य) के विकेट गंवाए जिन्हें जॉनसन ने आउट किया।

जो रूट (17) और ब्रॉड ने मिलकर स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया लेकिन इसके बाद इंग्लैंड ने दो रन के अंदर आखिरी तीन विकेट भी गंवा दिए। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने सुबह बिना किसी नुकसान के आठ विकेट पर 108 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। सलामी बल्लेबाज क्रिस रोजर्स (49) दो ओवर बाद ही चक्कर आने के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए। उन्होंने आज अपनी पारी में केवल पांच रन जोडे।

माइकल क्लार्क ने जब पारी समाप्त घोषित करने की घोषणा की तब वह स्वयं 32 रन और मिशेल मार्श 27 रन पर खेल रहे थे। इंग्लैंड की तरफ से केवल आफ स्पिनर मोईन (78 रन देकर दो विकेट) को इस पारी में सफलता मिली। उन्होंने वॉर्नर को कुक के हाथों कैच कराने के बाद स्मिथ की गिल्लियां भी बिखेरीं।

सौजन्य: INDIA TIMES NEWS

...तो संसद में ये स्टाइल अपनाएगी मोदी सरकार!

नई दिल्‍ली: संसद में विपक्षी हमले के आसार को लेकर हुंकार भरते हुए भाजपा ने सुषमा स्वराज, वसुंधरा राजे और शिवराज सिंह चौहान जैसे अपने नेताओं पर प्रहार का आक्रामक तरीके से जवाब देने तथा कांग्रेस नेताओं से जुड़े विवाद उठाने का फैसला किया।

मंगलवार से शुरू हो रहे संसद के मॉनसून सत्र के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, स्मृति ईरानी, रवि शंकर प्रसाद और पीयूष गोयल सहित पार्टी के विभिन्न सहकर्मियों तथा पार्टी प्रवक्ताओं के साथ रणनीतिक बैठकें की जिस दौरान राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद थीं।

इसके साथ ही, शाह ने रणनीति को और बेहतर बनाने के लिए जेटली और राजनाथ सिंह तथा वेंकैया नायडू जैसे अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। बातचीत में भाग लेने के लिए चौहान भी बाद में दिल्ली पहुंच गए।

किसी का इस्तीफा नहीं लेने की बात स्पष्ट करते हुए बैठक में यह भी चर्चा हुई कि मंगलवार से शुरू हो रहे सत्र के दौरान संसद में इन मुद्दों पर विपक्ष के हमले का मुकाबला और सरकार एवं पार्टी के जवाब को कैसे सुसंगत किया जाएगा।

कांग्रेस ने धमकी दी है कि यदि राजे, विदेश मंत्री सुषमा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान को हटाने की मांग नहीं मानी जाती है तो संसद की कार्यवाही नहीं चलने दी जाएगी।

आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के साथ संपर्क को लेकर वसुंधरा हमलों का सामना कर रही हैं। ललित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच का सामना कर रहे हैं। सुषमा पर भी ललित की मदद करने के आरोप हैं। व्यापमं घोटाले में चौहान विपक्ष के निशाने पर हैं। सूत्रों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से पार्टी को संकट में डाले हुए विवादास्पद मुद्दों पर भाजपा रक्षात्मक नहीं दिखना चाहती है।

पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने बताया, ‘हम कांग्रेस के दुष्प्रचार अभियान का आक्रामक और प्रभावी तरीके से मुकाबला करेंगे।’ वह शाह की बैठक में मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि जहां तक ललित मोदी विवाद की बात है, कांग्रेस पूरी तरह से भ्रमित है। एक ओर तो वे ललित मोदी की टिप्पणियों को लेकर हमारे नेताओं के इस्तीफे मांग रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके पास प्रियंका गांधी, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और सोनिया गांधी की बहन के खिलाफ आरोपों का कोई जवाब नहीं है। हम इन पर उनका जवाब मांगेंगे।

भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी ने इस बात का भी जिक्र करने का फैसला किया है कि किस तरह से न्यायपालिका ने व्यापमं घोटाले में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा चौहान को घसीटे जाने की कोशिशों पर संज्ञान लेने से शुरूआत में इनकार कर दिया था।

पार्टी का मानना है कि ललित मोदी के साथ सौदे में वसुंधरा या उनके बेटे दुष्यंत सिंह की ओर से कोई गलत काम नहीं किया गया। शाह से मुलाकात करने वालों में पार्टी की ओर से मीडिया में आने वाले चेहरों में एमजे अकबर, श्रीकांत शर्मा और संबित पात्रा शामिल हैं।

सुषमा को हटाने के लिए दबाव डालने के अलावा विपक्ष ने संकेत दिया है कि वह मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी को भी निशाना बनाएगी जो शैक्षणिक प्रमाणपत्र के सिलसिले में आरोपों का सामना कर रही हैं।

चावल घोटाले के सिलसिले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह भी निशाना बनाए जा सकते हैं। सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह (कांग्रेस) को निशाना बनाए जाने का अनुमान है जो आय से अधिक संपत्ति के एक मामले में संलिप्त हैं। संसद में अपनी सरकार के समक्ष चुनौतियां पेश आने की संभावनाओं का संकेत देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को एनडीए के सभी घटक दलों की पहली बैठक बुलाई है ताकि विपक्ष का मुकाबला करने की रणनीति पर चर्चा की जा सके।

अपने आवास पर सहयोगी दलों के साथ बैठक से पहले मोदी दो सर्वदलीय बैठकों में भी शरीक हो सकते हैं जिन्हें संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सत्र के सुगमता से चलने को सुनिश्चित करने के तरीकों पर चर्चा के लिए बुलाई है।

संसद में विपक्ष के गर्म तेवर दिखने के आसार को भांपते हुए मोदी ने शुक्रवार को स्वीकार किया था कि मुकाबला होगा।

भाजपा नीत एनडीए के पास लोकसभा में पूर्ण बहुमत है जबकि ऊपरी सदन (राज्यसभा) में संख्या बल कम है जहां कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है और जीएसटी तथा भूमि विधेयक सहित अहम विधेयकों के पारित होने की कुंजी अपने पास रखे हुए है।

एनडीए के वरिष्ठ मंत्रियों ने विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी पार्टियों के रुख को देखते हुए सरकार के विधायी कामकाज को आगे बढ़ाने की रणनीति का खाका तैयार करने के लिए गुरुवार को एक बैठक की थी।

सरकार ने मॉनसून सत्र के कामकाज के लिए 35 विषय को अंतिम रूप दिया है जिनमें नौ विधेयक शामिल हैं जो राज्यसभा में लंबित हैं और चार लोकसभा में लंबित हैं। इसके अलावा 11 नये विधेयक पेश किए जाएंगे।
Courtesy: NDTV